बलरामपुर वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन तथा उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। जानकारी के अनुसार, 2 दिसम्बर 2025 को वनपरिक्षेत्र बलरामपुर के अंतर्गत सर्किल बरदर, बीट जरहाडीह में एक महिंद्रा ट्रक (क्रमांक CG 15 DF 1373) में सेमल के 13 नग लट्ठों को अवैध रूप से लोड कर परिवहन किया जा रहा था। मौके पर अवैध लोडिंग में उपयोग की जा रही एक लोडर मशीन को भी विभाग ने ट्रक सहित जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 41 व 52 और छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 के नियम 22 के तहत की गई है। वन विभाग ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार वन विभाग ने इस मामले में दो आरोपियों अनिल यादव (पिता सुनेश्वर यादव, निवासी बलरामपुर) तथा अफसर अली (पिता सौकत अली, निवासी मुजफ्फरनगर, उ.प्र.) को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, अन्य संबंधित आरोपियों की भी पहचान कर उनकी तलाश जारी है। जप्ती और कार्रवाई के दौरान वनपरिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना सहित वनपाल अनिल कुजूर, वनरक्षक देवीलाल, राजेश राम, प्रवीण बेक, अजीत कुजूर, शिवशंकर सिंह तथा सरेन्द्र सिंह ओइके उपस्थित थे। उन्होंने नियमानुसार कार्रवाई को अंजाम दिया। वन विभाग की इस तत्परता को क्षेत्र में अवैध वन्य संसाधन परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


