खंडवा जिले के हरसूद थाना क्षेत्र के नवलपुरा गांव में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां साडू भाई के घर मेहमान बनकर आए एक युवक ने शराब के नशे में विवाद के बाद खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। यह आग घर में रखे भूसे तक फैल गई, जिसकी चपेट में आकर 3 साल का एक मासूम बच्चा भी गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में खंडवा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कराया है। जानकारी के अनुसार, नया हरसूद (सेक्टर-6) का रहने वाला 32 वर्षीय राहुल नायक शनिवार रात अपने साडू भाई लालाराम पवार के घर नवलपुरा टांडा आया था। देर रात करीब डेढ़ बजे परिवार में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि उस वक्त राहुल शराब के नशे में था। विवाद के दौरान ही उसने गुस्से में आकर अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़क लिया और खुद को आग के हवाले कर दिया। भूसे में फैली आग, चपेट में आया 3 साल का प्रिंस
राहुल के शरीर में आग लगते ही लपटें तेजी से फैलने लगीं और पास ही घर में रखे भूसे ने भी आग पकड़ ली। इसी दौरान वहां मौजूद लालाराम पवार का 3 वर्षीय बेटा प्रिंस भी इन लपटों की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। इस अचानक हुई घटना से परिवार में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। डायल-112 और पुलिस ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही हरसूद थाना पुलिस की टीम और डायल-112 मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल पवन नायक और वाहन पायलट श्रीकांत शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को फौरन हरसूद के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें खंडवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। हरसूद थाना प्रभारी राजकुमार राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नशे की हालत में यह आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


