सीतापुर के कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार शाम जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, बिल वसूली, शिकायत निस्तारण और आरडीएसएस योजना के कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों की मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन तत्काल कराया जाए ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा न हो। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जनपद स्तर पर एक प्रभावी नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया जाए और प्राप्त होने वाली शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण समयबद्ध रूप से किया जाए। साथ ही, सभी अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता निर्धारित रोस्टर के अनुसार कंट्रोल रूम का नियमित निरीक्षण करें। डॉ. राजागणपति ने कहा कि आरडीएसएस योजना के तहत चल रहे सभी कार्यों को समयसीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। जिन विद्युत उपखंडों में बिल वसूली की स्थिति कमजोर है, वहां सुधार के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालयों, आंगनबाड़ियों और सरकारी योजनाओं से जुड़े स्थलों पर विद्युत कनेक्शन देने में कोई विलंब न किया जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत बिलिंग सुनिश्चित की जाए और उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान में तत्परता बरती जाए। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा किया जाए तथा ट्रांसफॉर्मर खराब होने की दशा में बिना विलंब प्रतिस्थापित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे हों, ताकि उपभोक्ताओं को निरंतर और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिलती रहे। बैठक में अधीक्षण अभियंता ललित कृष्ण सहित सभी अधिशासी अभियंता और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


