औरैया: शहर के श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा महावीर गंज में सिख धर्म के संस्थापक एवं सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाशोत्सव पर्व मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने गुरुद्वारे में माथा टेक कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान गुरुद्वारा में अखंड पाठ साहब और सबद कीर्तन का आयोजन किया गया। श्री गुरु ग्रंथ साहब की अरदास भी सुनाई गई और प्रसाद का वितरण किया गया। देर शाम तक लंगर की व्यवस्था की गई थी। गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह एवं सचिव मनजीत सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि श्री गुरु नानक देव जी बाल्यावस्था से ही ईश्वर द्वारा रचे गए संसार और प्रकृति को देखकर भावविभोर थे। उन्होंने 30 वर्ष की आयु में संसार भ्रमण पर निकलकर 28,000 किलोमीटर की यात्रा की। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने मनुष्यों में आपसी भाईचारे की कमी देखी। तब उन्होंने जात-पात से ऊपर उठने और ‘हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई आपस में सब भाई-भाई’ का संदेश दिया। उनके उपदेशों ने सभी धर्मों के लोगों के बीच अपनी जगह बनाई। कमेटी ने कहा कि हमें उन्हीं के बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।


