धौलपुर जिले में बिजली चोरी रोकने और उपभोक्ताओं को नियमित एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डिस्कॉम ने विशेष विजिलेंस चेकिंग अभियान चलाया है। पिछले 24 घंटों में डिस्कॉम की 10 टीमों ने जिले के सभी 7 उपखंडों के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की। इस दौरान 140 बिजली चोरी की वीसीआर (विजिलेंस चेक रिपोर्ट) भरी गईं और लगभग 35 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। जंपर उतारने की कोशिश, टीमों की नजरें रही चौकस कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीमें धौलपुर जिले के कई इलाकों में पहुंचीं। बिजली चोरी करने वाले कुछ उपभोक्ताओं ने आनन-फानन में जंपर उतारने और कनेक्शन हटाने की कोशिश की, लेकिन सभी प्रयास डिस्कॉम कर्मचारियों की पैनी नजरों से बच नहीं पाए। कई जगह टीमों को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना भी करना पड़ा, लेकिन कार्रवाई जारी रही। रात में होगी गश्त, संदिग्ध उपभोक्ताओं पर होगी विशेष नजर डिस्कॉम के एक्सईएन विवेक शर्मा ने बताया कि कस्बों में रात के समय भी विद्युत तंत्र की गश्त की जाएगी। जहां बिजली चोरी मिलेगी, तुरंत वीसीआर भरी जाएगी। उन्होंने बताया कि तकनीकी सॉफ्टवेयर की मदद से संदिग्ध उपभोक्ताओं की सूची तैयार की जा रही है, जिनके कनेक्शन और भवन परिसर की विशेष जांच होगी। डिस्कॉम का निश्चित लक्ष्य 15% विद्युत छीजत का है, लेकिन घरेलू श्रेणी में बिजली चोरी का प्रतिशत उससे कहीं अधिक है। अधिक नुकसान पर अधिकारी नाराज, जेईएन एवं फीडर इंचार्ज पर कार्रवाई विवेक शर्मा ने बताया कि बढ़ी हुई विद्युत छीजत (लाइन लॉस) को लेकर उच्च अधिकारी नाराज हैं। इसी कारण अधिक छीजत वाले फीडरों के जेईएन और फीडर इंचार्ज पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत डीसी और पीडीसी उपभोक्ताओं के परिसरों की जांच भी की जा रही है। बिजली चालू मिलने पर तत्काल वीसीआर भरी जा रही है। अवैध हीटरों से बढ़ रहा लोड, जल रहे ट्रांसफॉर्मर सर्दी बढ़ने के साथ अवैध हीटरों और ज्यादा लोड वाले उपकरणों के उपयोग से बिजली व्यवस्था पर दवाब बढ़ रहा है। इसके चलते कई जगह ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों को भी चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। 18 अभियंता और 65 बिजलीकर्मी अभियान में शामिल इस विशेष विजिलेंस अभियान में 18 अभियंता और 65 बिजलीकर्मी शामिल रहे। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


