छत्रपति शाहू जी महाराज यूनिवर्सिटी (सीएसजेएमयू) के अटल बिहारी बाजपेई स्कूल आफ लीगल स्टडीज के डायरेक्टर एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंकज द्विवेदी को बुधवार को सस्पेंड कर दिया गया। उन पर एलएलएम सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षाओं में एक छात्रा की कापी बदलवाकर उसको टॉपर बनवाने का आरोप है। एक छात्र की शिकायत पर जांच कमेटी को आरोप सही मिलने पर यह कार्रवाई हुई। जो कॉपी लिखी वह नहीं हुई जमा कैंपस के अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल आफ लीगल स्टडीज के एक छात्र ने शिकायत में बताया कि मई 2025 में एलएलएम के सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा हुई थी। इसमें टाप करने वाली छात्रा को खुलेआम नकल कराई गई। उसकी उत्तरपुस्तिका परीक्षा कक्ष के बजाय अलग ले जाकर लिखी गई। परीक्षा कक्ष में उपस्थित रहने के दौरान छात्रा ने जो कापी लिखी वह मूल्यांकन के लिए जमा नहीं कराई गई। इससे उसे कक्षा में सर्वाधिक अंक मिले और वह टापर बन गई। छात्रा के दोबारा होंगे एग्जाम सीएसजेएमयू में हुई अनुशासनात्मक समिति ने बैठक में डायरेक्टर डा. पंकज द्विवेदी को सस्पेंड करने का फैसला लिया गया। जबकि छात्रा द्वारा दिए गए प्रश्नपत्रों की परीक्षा अमान्य करार देते हुए दोबारा से चारों प्रश्नपत्र की परीक्षा कराने पर सहमति बनी। छात्र ने की थी शिकायत सीएसजेएमयू कैंपस के अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल आफ लीगल स्टडीज के डायरेक्टर डॉ. पंकज द्विवेदी पर परीक्षा में छात्र विशेष को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप था। मामला सत्र 2024-25 के सम सेमेस्टर परीक्षा का है। मामले में एक छात्र द्वारा शिकायत किए जाने के बाद विवि प्रशासन ने 29 अक्टूबर को प्राथमिक जांच के आदेश दिए थे। दोषी पाया गया विवि की प्राथमिक जांच में डा. पंकज द्विवेदी को परीक्षा में कदाचार का प्रथम दृष्टया दोषी पाया था। रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय की अनुशासनात्मक समिति की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक के बाद समिति ने डा. द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने का निर्णय़ लिया। अग्रेतर जांच की संस्तुति निलंबन अवधि में डा. द्विवेदी प्रोवीसी आफिस से संबद्ध रहेंगे। इस बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की प्राथमिक जांच और उसकी रिपोर्ट के आधार पर डा. द्विवेदी के खिलाफ अग्रेतर जांच की भी संस्तुति कर दी है।


