लखनऊ से यूएई के लिए फिर शुरू होगी सीधी उड़ान:8 दिसंबर से शुरू होगी एयर इंडिया की सीधी सेवा

खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एयर इंडिया ने लखनऊ से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लिए सीधी उड़ान सेवा फिर से शुरू करने की घोषणा की है। यह उड़ान 8 दिसंबर से शुरू होगी और सप्ताह में तीन दिन संचालित की जाएगी। इस उड़ान को इस साल की शुरुआत में बंद कर दिया गया था, लेकिन बढ़ती मांग और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए अब इसे दोबारा शुरू किया जा रहा है। लखनऊ से रात 9:10 बजे उड़ेगी फ्लाइट एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या आईएक्स 124 चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ से रात 9:10 बजे उड़ेगी और यूएई के रस अल खैमाह एयरपोर्ट पर रात 12:30 बजे (स्थानीय समय) पहुंचेगी। यह उड़ान सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। वहीं वापसी की उड़ान आईएक्स 125 रस अल खैमाह से रात 1:30 बजे उड़ान भरेगी और सुबह 6:45 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यह सेवा मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी। खाड़ी देशों में काम और पढ़ाई करने वालों को राहत यह नई उड़ान उन यात्रियों के लिए बड़ी सहूलियत लेकर आई है जो लखनऊ और आसपास के इलाकों से रोजगार, व्यापार या उच्च शिक्षा के लिए खाड़ी देशों में यात्रा करते हैं। अब तक इन यात्रियों को दुबई या शारजाह में उतरकर आगे सफर करना पड़ता था, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते थे। पर्यटन और कनेक्टिविटी दोनों को मिलेगा फायदा रस अल खैमाह न केवल एक प्रमुख औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्र है, बल्कि यूएई का एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भी है। यह दुबई से करीब 92 किलोमीटर और शारजाह से 75 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां स्थित जबल जायस पर्वत श्रृंखला और दुनिया की सबसे लंबी जिपलाइन इसे पर्यटकों के बीच लोकप्रिय बनाती है। नई उड़ान से उत्तर भारत के यात्रियों को सीधे रस अल खैमाह पहुंचने की सुविधा मिलेगी, जिससे प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी और पर्यटन कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *