धौलपुर पुलिस ने शुक्रवार रात 8 बजे से 10 बजे तक जिले भर में ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी की। यह कार्रवाई कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से की गई। महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज कैलाश विश्नोई और जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की गई। जिले भर में करीब 1200 वाहनों की चेकिंग हुई, जिसमें 623 दोपहिया और 526 चार पहिया वाहन शामिल थे। वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच और सवार व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन भी किया गया। इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले 149 वाहनों को जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त, एक व्यक्ति को अवैध शराब ले जाते हुए, एक स्थायी वारंटी, लोकल एवं स्पेशल एक्ट में 9 व्यक्तियों को और शांतिभंग के आरोप में 13 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। नाकाबंदी के साथ-साथ सभी वृत्ताधिकारियों के सुपरविजन में यह सुनियोजित कार्रवाई की गई। वृत्ताधिकारियों ने अपने-अपने इलाकों में नाकाबंदी का निरीक्षण भी किया। राजकॉप ऐप का उपयोग वाहनों के पंजीकरण और स्वामित्व की त्वरित पुष्टि के लिए किया गया। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि बीमार, महिला या वरिष्ठ नागरिकों को अनावश्यक असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि धौलपुर पुलिस आमजन की सुरक्षा और अपराधियों व असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है।


