लंदन में 29 नवंबर को आयोजित फ्रेंड्स ऑफ मध्य प्रदेश यूके (FoMP UK) के वार्षिक सामुदायिक कार्यक्रम में 500 से अधिक मध्य प्रदेश मूल के लोग एक मंच पर जुटे। यूके में रहने वाले 5,000 से अधिक एमपी परिवारों का प्रतिनिधित्व करने वाला यह संगठन अब दुनिया के सबसे संगठित और प्रभावशाली प्रवासी नेटवर्क में तेजी से उभर रहा है। कार्यक्रम को 25 एमपी मूल के कारोबारियों और परिवारों का सहयोग मिला। व्यापक सहयोग व्यवस्था और संगठित नेटवर्क की वजह से FoMP UK आज यूके में बसे मध्य प्रदेशियों का सबसे प्रभावी समर्थन मंच माना जा रहा है। तेजी से बढ़ता प्रवासी नेटवर्क FoMP UK मध्य प्रदेश और यूनाइटेड किंगडम के बीच एक सक्रिय और मजबूत सेतु की तरह काम करता है। संगठन नए प्रवासियों को मार्गदर्शन, सहायता और समुदाय से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है। यूके में बसे एमपी मूल के हजारों लोगों के बीच यह एक विश्वसनीय और प्रभावशाली मंच के रूप में स्थापित हो चुका है। छात्रों के लिए मजबूत समर्थन तंत्र FoMP UK का स्टूडेंट नेटवर्क इसकी सबसे बड़ी ताकत माना जाता है। यह नेटवर्क अब तक मध्य प्रदेश के 100 से अधिक विद्यार्थियों को यूनाइटेड किंगडम में बसाने में मदद कर चुका है। सामुदायिक उद्यमियों की सहायता से विद्यार्थियों को 100 से अधिक इंटर्नशिप उपलब्ध करवाई गई हैं। ब्रेक्ज़िट के बाद सख्त हुए रोजगार बाजार और कोविड के प्रभावों के बीच यह सहायता छात्रों और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत साबित हुई है। स्वास्थ्य सेवाओं में सक्रिय भूमिका संगठन का डॉक्टर्स नेटवर्क भी उतना ही मजबूत है, जिसमें 100 से अधिक एमपी मूल के डॉक्टर शामिल हैं। यह नेटवर्क जरूरतमंद लोगों को विश्वसनीय स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराता है और कई मामलों में हेल्पलाइन की तरह कार्य करता है। विदेश में रह रहे मध्य प्रदेशियों के लिए इस तरह की चिकित्सा सहायता अत्यंत सहायक रही है। उद्योग और रोजगार में महत्वपूर्ण सहयोग बिजनेस नेटवर्क में 1,000 से अधिक एमपी मूल के उद्यमी और उद्योगपति जुड़े हुए हैं। यह समूह नए प्रवासियों को रोजगार मार्गदर्शन, मेंटरशिप और व्यवसाय स्थापित करने में समर्थन देता है। कई परिवारों और युवाओं को इस नेटवर्क की सहायता से यूके में स्थिरता और रोजगार अवसर प्राप्त हुए हैं। तकनीकी क्षेत्र में भी FoMP UK का प्रभाव बढ़ रहा है। इसके आईटी प्रोफेशनल्स नेटवर्क में 1,000 से अधिक सदस्य हैं, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लाउड तकनीक से जुड़े बदलावों के बीच युवाओं को अपस्किलिंग और स्किल रिकवरी कार्यक्रमों के माध्यम से दोबारा नौकरी बाजार में स्थापित करने में मदद कर रहे हैं। 24×7 हेल्पलाइन बनी जीवन रेखा FoMP UK की 24×7 हेल्पलाइन संगठन का सबसे मजबूत स्तंभ है। यह हेल्पलाइन अब तक हजारों लोगों को वीज़ा, इमिग्रेशन, कानूनी सलाह और आपात स्थितियों में सहायता प्रदान कर चुकी है। इसकी सतत उपलब्धता ने FoMP UK को प्रवासी समुदाय के लिए अनमोल सहारा बना दिया है। मध्य प्रदेश पर्यटन को विदेश में बढ़ावा संगठन ने मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के साथ एक एमओयू भी किया है। इसके तहत पर्यटन बोर्ड FoMP कार्यक्रमों को प्रचार सामग्री उपलब्ध कराता है, जबकि संगठन अपने व्यापक नेटवर्क और आयोजनों के माध्यम से मध्य प्रदेश के पर्यटन को सक्रिय रूप से बढ़ावा देता है। एमपी की संस्कृति, पर्यटन और निवेश की संभावनाओं को यूके में प्रचारित करने में यह साझेदारी प्रभावी साबित हो रही है। सीएम से मुलाकात और निवेश रुचि इस वर्ष मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के लंदन दौरे के दौरान FoMP UK के सदस्य देशभर से उनसे मिलने पहुंचे थे। कई प्रवासी सदस्यों ने एमपी जीआईएस में भाग लेते हुए राज्य में निवेश करने की इच्छा भी जताई। इससे संगठन की आर्थिक और निवेश क्षमता का भी पता चलता है। एमपी–लंदन सीधी उड़ान की मांग FoMP UK मध्य प्रदेश और लंदन के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने की लंबे समय से मांग करता आ रहा है। यह प्रस्ताव एमपी के राज्यपाल के सामने रखा गया है और यूके के मंत्रियों व सांसदों के साथ भी इस मुद्दे पर संवाद जारी है। संगठन का मानना है कि सीधी उड़ान शुरू होने से पर्यटन, शिक्षा, व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों को नई गति मिलेगी।


