झारखंड में नवंबर की शुरुआत के साथ ही सर्दी ने दस्तक दे दी है। राजधानी रांची समेत राज्य के ज्यादातर जिलों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे आया है। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। सुबह और रात के समय सर्द हवाएं लोगों को कंपा रही हैं, वहीं दोपहर की धूप में भी ठंडक महसूस हो रही है। जमशेदपुर, बोकारो और गिरिडीह में भी पारा नीचे पूरे झारखंड में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस, जबकि दुमका में अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 18.5 डिग्री रहा। बोकारो में पिछले 24 घंटे में 3.1 डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री और न्यूनतम 19.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गिरिडीह में तापमान में 2.8 डिग्री की कमी आई है। चाईबासा में भी न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राज्यभर में सुबह-शाम ठंडी हवाओं के असर से लोग गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने लगे हैं। कई इलाकों में अब रजाइयां और कंबल भी निकलने लगे हैं। चार डिग्री तक गिर सकता है पारा मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से राज्य में तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक की और गिरावट संभव है। विभाग ने चेताया है कि सुबह और रात के समय ठंड का असर और बढ़ेगा।
दिन के वक्त हल्की धूप के कारण कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में इस बार ठंड सामान्य से पहले और ज्यादा तेज पड़ने के आसार हैं। नवंबर के पहले ही सप्ताह में तापमान में आई लगातार गिरावट यही संकेत दे रही है कि आने वाले दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में ठिठुरन और बढ़ेगी।


