प्रतापगढ़ में प्रधान पति मौत पर ग्रामीणों का कैंडल मार्च:परिजनों ने सीबीसीआईडी जांच और न्याय की मांग की

प्रतापगढ़ में प्रधान पति मौत पर ग्रामीणों का कैंडल मार्च:परिजनों ने सीबीसीआईडी जांच और न्याय की मांग की

प्रतापगढ़ में सैकड़ों ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पति दिनेश सिंह की संदिग्ध मौत की सीबीसीआईडी जांच की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला। गुरुवार शाम 8 बजे यह मार्च अम्बेडकर चौराहे से शुरू होकर रोडवेज अड्डा होते हुए जिलाधिकारी आवास तक पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने न्याय की गुहार लगाई। परिजनों का आरोप है कि 27 दिसंबर 2025 को दिनेश सिंह की सड़क हादसे में हुई मौत सामान्य नहीं थी, बल्कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। इस मामले को लेकर परिजन जन जनवादी पार्टी के बैनर तले कई दिनों से कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। परिजनों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधान पति की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने स्वर्गीय सदर ब्लॉक प्रमुख के बेटे रवि सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे के बहाने प्रधान पति की हत्या करवाई गई है। परिजनों ने यह भी दावा किया कि प्रधान पति और ‘गोल्डी’ नामक व्यक्ति के बीच धमकी भरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है। मृतक दिनेश सिंह की पत्नी और ग्राम प्रधान नीतू सिंह ने बताया कि उनके पति का एक्सीडेंट ताला मोड़ पर हुआ था, लेकिन उनकी मौत पूरी तरह संदिग्ध है। उन्होंने मामले की सीबीसीआईडी जांच कराने की मांग दोहराई और कहा कि कैंडल मार्च के माध्यम से इंसाफ की अपील की जा रही है। नीतू सिंह ने प्रशासन से अपने परिवार की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस और आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *