बागपत जनपद के बरनावा गांव में बुधवार शाम भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की एक पंचायत आयोजित की गई। इस पंचायत का मुख्य उद्देश्य किसानों के हितों के लिए संगठन को और अधिक मजबूत करना था। अनवार कुरैशी के अहाते में हुई इस पंचायत में संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक बाबा राजेंद्र सिंह मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संगठन किसान मजदूरों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। उनके प्रयासों से किसानों को निशुल्क बिजली और गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी जैसे लाभ मिले हैं। उन्होंने ग्राम स्तर पर 11 सदस्यों की कमेटी गठित करने का आह्वान भी किया। जिलाध्यक्ष राकेश पंवार ने कहा कि संगठन किसानों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है और इसका विस्तार लगातार हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने संगठन द्वारा समय-समय पर उठाई गई किसानों की मांगों को स्वीकार किया है। इसी दौरान, बरनावा निवासी अनवार कुरैशी को जिला उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया। फूल सिंह की अध्यक्षता और कुलदीप पंवार के संचालन में हुई इस पंचायत में पूर्व जिलाध्यक्ष दुष्यंत मलिक, सूरज चौधरी, विनोद दाहा, गौरव राणा, राजबीर सिंह, राजपाल राणा, नरेश त्यागी, जरीफ प्रधान, बाबू चौधरी, मास्टर जितेंद्र सिंह, सुदेश राठी, वीरेंद्र पंवार और प्रताप सिंह सहित ईश्वर सिंह आदि प्रमुख लोग मौजूद रहे।


