भाजपा की ओर से मतदाता जागरूकता और फार्म भरवाने के अभियान को तेज किया जा रहा है। इस क्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह ने पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित पारिजात पैलेस के एसआईआर कार्यालय में विधानसभा अभियान से जुड़े संयोजक, सह-संयोजक, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में बढ़ी हुई समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं के फार्म भरवाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. नीरज सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि किसी कारणवश छूट रहे मतदाताओं के फार्म भरवाने के लिए सभी को युद्ध स्तर पर काम करना होगा। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अभी पर्याप्त अवसर है, जिसे हर हाल में उपयोग में लाया जाए। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर तक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से गणना प्रपत्र भरकर जमा किए जा सकते हैं। संध्या व प्रभात फेरी से घर-घर संपर्क क्षेत्रीय प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि संगठन की योजना के तहत 20 दिसंबर को विशेष अभियान के अंतर्गत संध्या फेरी और 21 दिसंबर को प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इस दौरान हर वार्ड में मतदाताओं के घर जाकर संपर्क किया जाएगा और छूट रहे पात्र मतदाताओं के फार्म भरवाकर जमा कराए जाएंगे। बैठक और अभियान में उपाध्यक्ष राकेश सिंह, सौरभ वाल्मीकि, सीता नेगी, केके जायसवाल, अभिषेक राय, नरेंद्र देवडी, रीना चौरसिया, कमल पांडे, सुमित खन्ना और पूजा जसवानी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


