पलवल के हथीन में एक वकील और उसके भाई पर हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को हथीन के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने वकील की शिकायत पर सात नामजद सहित नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हथीन थाना प्रभारी हरी किशन के अनुसार, हथीन के गहलब रोड निवासी वकील गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पलवल हुडा सेक्टर में रहता है, जबकि उसके पिता केहर सिंह गहलब रोड स्थित मकान में रहते हैं। गौरव के चाचा जगत प्रकाश भी उसी मकान के कुछ हिस्से में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके भाई विनित ने मकान में बनी दुकान में एक गोदाम बनाया हुआ है। डंडे से किया हमला गौरव के अनुसार, जब वह अपनी दुकान बंद करने के बाद बाइक खड़ी करने गया, तो आरोपी जगत प्रकाश ने बिना किसी बात के उस पर डंडे से हमला कर दिया। जगत प्रकाश के परिवार के सदस्य सुरेंद्र कुमार, राजेश, अनीता, दीपक और मधुर भी उस पर टूट पड़े। गौरव का भाई विनित गाड़ी लेकर बाहर उसका इंतजार कर रहा था। झगड़ा होता देख विनित मौके पर पहुंचा और पुलिस को डायल 112 पर फोन करने लगा। इस पर आरोपियों ने विनित पर भी हमला कर दिया। दोनों भाइयों को गंभीर रूप से पीटा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए घायल दोनों भाइयों को इलाज के लिए हथीन के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि आरोपियों ने झगड़े के सबूत मिटाने के लिए वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए।


