भास्कर न्यूज | लुधियाना माता साहिब कौर स्पोर्ट्स चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित 16वां जेएसटी ट्रक परमिट, ओलंपियन पृथीपाल सिंह हॉकी फेस्टिवल 9 मई से 31 मई तक जरखड़ स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। हॉकी मुकाबले हर शनिवार और रविवार शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक फ्लड लाइट्स में एस्ट्रोटर्फ मैदान पर खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का उद्घाटन 9 मई को शाम 7 बजे जीवन सिंह संगोवाल द्वारा किया जाएगा। आयोजकों नरेंद्र पाल सिंह सिद्धू, जगरूप सिंह जरखड़, हरकमल सिंह और नारायण सिंह ग्रेवाल ने बताया कि टूर्नामेंट में जूनियर और सीनियर वर्ग की कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। दोनों वर्गों में 8-8 टीमें होंगी और मुकाबले लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे। 9 मई को उद्घाटन मुकाबला फिरोजपुर और मोगा के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच नीटा क्लब रामपुर और अमरगढ़ के बीच होगा। हर दिन कुल 4 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। पुरस्कारों की बात करें तो सीनियर वर्ग की विजेता टीम को 60 हजार रुपए और रनिंग ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि उपविजेता को 40 हजार, तीसरे स्थान पर 25 हजार और चौथे स्थान पर 15 हजार रुपए मिलेंगे। वहीं जूनियर वर्ग में विजेता को 25 हजार और ट्रॉफी, उपविजेता को 18 हजार, तीसरे स्थान पर 13 हजार और चौथे स्थान पर 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को साइकिलें भी सम्मान स्वरूप दी जाएंगी।


