हरदा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो मिष्ठान भंडारों पर 25-25 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है। इसके अतिरिक्त, विभाग ने विभिन्न डेयरी प्रतिष्ठानों से दूध के नमूने भी एकत्र किए हैं। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने बुधवार को हरदा स्थित कृष्णा डेयरी से दूध का सैंपल लिया। यह सैंपल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। इससे पहले मंगलवार को भी हरदा के कृष्णा डेयरी बस स्टैंड और मदर डेयरी के इंदौर रोड आउटलेट से दूध के नमूने लिए गए थे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र कांबले ने बताया कि मंगलवार को लिए गए दोनों सैंपल भी खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। कांबले ने यह भी जानकारी दी कि एडीएम कोर्ट ने 12 नवंबर 2025 को दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। सोडलपुर के श्रीकृष्ण मिष्ठान भंडार और ब्रजमोहन मिष्ठान भंडार पर स्वच्छता मानकों का पालन न करने (हाइजीन अस्वच्छता) के कारण 25-25 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया है।


