हापुड़ के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस की 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पलवाड़ा-बहादुरगढ़ मार्ग पर रजवाहे के पास हुई इस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक धीरज मलिक अपनी टीम के साथ देर रात चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी पर संदिग्ध व्यक्ति आता दिखा। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने भागने का प्रयास किया। घेराबंदी करने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो बदमाश के पैर में लगी। गोली लगने से वह घायल होकर गिर गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान बदमाश हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता हुआ भी नजर आया। आरोपी की पहचान मोहम्मदपुर रुस्तमपुर गांव निवासी अबुजर के रूप में हुई है। अबुजर पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। वह गंभीर अपराधों में वांछित चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक स्कूटी बरामद की है। आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


