10-11 दिन से छा रहे बादल जैसे ही मंगलवार से छंटना शुरू हुए, वैसे ही रात के तापमान में गिरावट आने लगी। रविवार रात पारा 22.4 डिग्री तक पहुंच गया था, जो सोमवार रात लुढ़ककर 20.8 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि यह भी औसत से 5 डिग्री ज्यादा रहा। अच्छी बात यह है कि 6 नवंबर के बाद से तापमान में गिरावट आने लगेगी। खासकर रात का तापमान 16-17 डिग्री तक पहुंच सकता है। दरअसल, ठंड को प्रभावित करने वाला कोई सिस्टम फिलहाल एक्टिव होता नजर नहीं आ रहा है। वहीं पहाड़ी इलाकों में भी अभी से बर्फबारी शुरू हो गई है। आसमान साफ होते ही उत्तर से आने वाली हवा अपने साथ जोरदार ठंड लेकर आएगी। दिन के तापमान में भी गिरावट आएगी। लगातार बादल, बारिश के कारण रात की जगह दिन ज्यादा ठंडे रहे
मंगलवार को दिन का तापमान 29.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 1 डिग्री कम रहा। इस ठंड के सीजन की खास बात यह है कि बादल, बारिश की वजह से रात के बजाय दिन में ठंड महसूस हुई। अधिकतम तापमान पर नजर डालें तो यह औसत से 9 डिग्री तक कम दर्ज हो चुका है। वहीं इस बार लगातार 12 रात से न्यूनतम तापमान औसत से 4 से 6 डिग्री तक अधिक दर्ज हो रहा है। मंगलवार को सुबह के वक्त आसमान साफ हुआ था, फिर 7 बजे के बाद हलके बादल छा गए थे। बारिश जैसी स्थिति भी बनी, लेकिन 10 बजे तक मौसम फिर साफ होता चला गया।


