खेरागढ़ थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में मंगलवार शाम एक व्यक्ति का शव नदी किनारे पानी में मिला। थानसिंह (47 वर्ष) पुत्र बलवीर सिंह भैंसें चराने गया था और देर शाम तक घर नहीं लौटा था। जब भैंसें अकेले घर लौटीं, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान थानसिंह का शव नदी में उल्टा पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। प्रधान अचलसिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा की मोर्चरी भिजवा दिया। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की चोट का निशान नहीं पाया गया। थाना प्रभारी खेरागढ़ मदन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला पानी में डूबने से हुई मृत्यु का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। क्षेत्र में कानून व्यवस्था सामान्य है।


