मैहर स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। ऊंचाई से गिरने के कारण एक सुपरवाइजर की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुशीनगर निवासी जितेंद्र सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय जितेंद्र सिंह पुत्र धूप सिंह, तरया सुजान, कुशीनगर, उत्तर प्रदेश के निवासी थे और अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री, मैहर में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को कार्य के दौरान वे ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। फैक्ट्री प्रबंधन ने जितेंद्र सिंह को तत्काल इलाज के लिए सतना के बिड़ला अस्पताल भेजा। हालांकि, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल सतना भेज दिया गया। मृतक जितेंद्र सिंह के दोस्त प्रिंस शर्मा ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के देर रात तक सतना पहुंचने की उम्मीद है, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।


