मुंबई से पकड़ाए काले हिरण के शिकारी ने किए खुलासे:रईस और पॉलिटिकल परिवारों में करते थे मांस सप्लाई; शिकारियों ने स्वीडन से मंगवाई 50 लाख की बंदूकें

मुंबई से पकड़ाए काले हिरण के शिकारी ने किए खुलासे:रईस और पॉलिटिकल परिवारों में करते थे मांस सप्लाई; शिकारियों ने स्वीडन से मंगवाई 50 लाख की बंदूकें

इंदौर के पास महू के किशनगंज थाना क्षेत्र में दिसंबर 2024 में 3 शिकारियों को गिरफ्तार किया था। इनकी कार से काले हिरण का मांस बरामद हुआ था। अब पिछले हफ्ते टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। वह 3 नवंबर तक रिमांड पर था। इसके बाद उसे विशेष न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक- चौथे आरोपी सबाह ने रिमांड के दौरान कई खुलासे किए हैं। वह सालभर बाद पकड़ाया है। वही माल की सप्लाई खरीदारों तक करता था। उसने बताया कि वह रईस और पॉलिटिकल परिवारों को मांस सप्लाई करता था। वह एक व्हाट्सऐप ग्रुप संचालित के जरिए खरीदार खोजता था। कई खरीदार उससे टेलीग्राम के माध्यम से भी जुड़े हुए थे। सबाह जिसे भी माल डिलीवर करता था, उसकी डिटेल्स एक पर्सनल व्हाट्सऐप ग्रुप पर रखता था। हालांकि, जब वह पकड़ा गया, तब तक उसने व्हाट्सऐप और टेलीग्राम दोनों पूरी तरह खाली कर दिए थे। टाइगर स्ट्राइक फोर्स अब चैटिंग रिकवर करवाने का काम कर रही है। जानकारी के मुताबिक इम्तियाज के मोबाइल का डाटा ही रिकवर हो पाया है। बाकी आरोपियों के मोबाइल का डाटा रिकवर होना बाकी है। दूसरी ओर, पहले पकड़े गए आरोपियों ने कबूल किया है कि उन्होंने गन चलाना एक नेशनल लेवल शूटर आमिर से सीखा है। उन्होंने शिकार के लिए 50 लाख रुपए की गन उन्होंने स्वीडन से मंगवाई थीं। मुंबई के जोगेश्वरी इलाके से पकड़ाया
स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने मुंबई के जोगेश्वरी इलाके से सबाह पिता सलाहुद्दीन को पकड़ा था। विभागीय सूत्रों ने बताया कि इस आरोपी ने रिमांड के दौरान बताया कि वह ग्राहकों तक मांस पहुंचाने का काम करता था। सबाह गिरोह के मुंबई के कई रईस परिवारों से संबंध हैं, जिन्हें वह मांस की डिलीवरी करता था। उसने कई राजनीतिक रूप से प्रभावशाली परिवारों के नाम भी बताए हैं। हालांकि, इस मामले में अधिकारी कुछ भी बताने से मना कर रहे हैं। पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि हिरण, चीतल और सांभर की खाल मुंबई के अलावा अन्य राज्यों में भी बेची जाती थी। काले हिरण का मांस देश में बेचने के साथ-साथ यह लोग उसे अरब देशों में भी सप्लाई करते थे। चेकिंग कर रही थी पुलिस, कार में मिला मांस
इंदौर के पास किशनगंज में 3 दिसंबर 2024, बुधवार को सुबह पुलिस वाहनों की सामान्य चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार को रोका, जिसमें उन्हें जंगली जानवर का करीब 65 किलो मांस मिला। वाहन में सवार जौहर हुसैन पिता इब्राहिम निवासी मिल्लत नगर मुंबई, सलमान पिता हारून निवासी मोमिन नगर मुंबई और इम्तियाज पिता शकरी खान निवासी अंधेरी वेस्ट मुंबई को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इन तस्करों ने बताया कि वे भोपाल से मांस लाए थे। इसके बाद मामला टाइगर स्ट्राइक फोर्स के पास भेजा गया। टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने इम्तियाज, सलमान और जौहर हुसैन से अलग-अलग पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बताया कि सतपुड़ा टाइगर रिजर्व और कान्हा नेशनल पार्क में भी शिकार किया गया था, जहां वे सांभर और बारहसिंगा के शिकार के लिए जाते थे। गिरोह के कुछ सदस्य भोपाल के अलावा मुंबई के माहिम, अंधेरी और भयंदर में सक्रिय हैं। वहीं, जून 2025 में इम्तियाज के मोबाइल से हिरण, चीतल और बारहसिंगा के शिकार से जुड़े फोटो और वीडियो मिले थे। फोर्स ने तस्करों के पास से स्वीडिश गन भी बरामद की थी। शिकार के लिए मंगवाई थीं 50 लाख की बंदूकें
विभागीय सूत्रों के अनुसार, रिमांड के दौरान मिली जानकारी में पता चला कि आरोपियों ने शिकार करने के लिए स्वीडन से करीब 50 लाख रुपए की बंदूकें मंगवाई थीं, जिनका उपयोग वे जंगली जानवरों के शिकार में करते थे। गिरफ्तारी के बाद शिकार में इस्तेमाल की गई दो बंदूकें जब्त की गईं हैं। इनमें से एक विदेशी हथियार है और दूसरी 12 बोर की भारतीय बंदूक है। दोनों बंदूकें भोपाल के नजदीक एक फार्महाउस परिसर से बरामद की गईं, जहां इन्हें गड्ढा खोदकर छिपाया था। कुछ कारतूस भी मिले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि स्वीडिश गन चलाना उन्हें आमिर ने सिखाया था। वह राष्ट्रीय स्तर का निशानेबाज है। वनकर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध
मुंबई और भोपाल के कई लोग इस शिकार गिरोह से जुड़े हैं। मामले में कुछ वनकर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्हें वन्यजीवों की गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारी वन विभाग के कुछ कर्मचारियों से मिलती थी। पिछले साल दिसंबर से जेल में बंद आरोपी अब तक जमानत पर बाहर नहीं आ पाए हैं। एक साल से अधिक समय बीत चुका है। एसटीएसएफ अब मोबाइल से मिले फोटो और वीडियो के आधार पर दूसरे मामले में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। तीसरी बार पूछताछ की तैयारी में टाइगर स्ट्राइक फोर्स
दूसरी ओर, एसटीएसएफ इम्तियाज और सलमान को एक बार फिर रिमांड में लेने की तैयारी कर रही है। इसके लिए न्यायालय में आवेदन लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों तस्करों से तीसरी बार पूछताछ की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *