भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर तंज कसा है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के पास अब न तो कोई विचारधारा बची है और न ही कोई नेतृत्व। भाजपा ने कांग्रेस से सबकुछ छीन लिया है। महात्मा गांधी, सरदार पटेल और डॉ. अंबेडकर जैसी विभूतियों के विचार आज भाजपा आगे बढ़ा रही है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के पास आज केवल एक नाम है राहुल गांधी। वहीं मूल गांधी और उनके विचार आज भाजपा के पास हैं। मदन राठौड़ जयपुर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। राठौड़ ने कहा- SIR होना ही चाहिए, भारत किसी धर्मशाला की तरह नहीं है कि कोई भी आए, रहे और वोटर बनकर पैसे के लिए अपना मताधिकार बेच दे। SIR का मतलब है जिसे इस राष्ट्र की चिंता हो, राष्ट्र के प्रति जिसमें पूर्ण रूप से निष्ठा हो, वो जो पूर्ण रूप से इस राष्ट्र को समर्पित हो, वो ही मतदाता बने। कोई रोहिंग्या, बांग्लादेशी आकर वोटर बन जाए, यह नहीं हो सकता राठौड़ ने कहा- बाहरी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाया जाए। कोई भी बांग्लादेशी, रोहिंग्या आकर मतदाता बन जाए और वोट बेच दें, यह हो नहीं सकता। ऐसे लोगों का नाम मतदाता सूची से कटना ही चाहिए। कांग्रेस राज में बने अव्यवस्थित वार्डों की वजह से निकाय,पंचायत चुनावों में देरी निकाय , पंचायत चुनावों के देरी के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि कांग्रेसी लोग अनभिज्ञता के कारण ऐसे सवाल उठा रहे है। मतदाता सूची लोकसभा,विधानसभा की अलग और निकाय और पंचायत चुनावों की अलग होती है। इनकी भाग संख्या अलग होती है, इनके मतदाता सूची अलग होती है, यह समझने की जरूरत है। देरी कांग्रेस के अव्यवस्थित रूप से वार्डों का गठन करने के कारण हुई। कांग्रेस ने अपने चहेतों के हितों को साधने के लिए कहीं एक विधानसभा का जिला बना दिया तो कहीं 13 विधानसभा का एक जिला, कहीं 700 मतदाताओं का वार्ड बना दिया तो कहीं 7 हजार मतदाताओं का वार्ड बना दिया। कांग्रेस ने तुष्टीकरण के लिए मनचाहे तरीके से वार्ड बनाए, कांग्रेस मुंगेरीलाल वाले सपने देख रही राठौड़ ने कहा- यह कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति थी, जो वो अपने चहेतों को खुश करने के लिए अपना रहे थे, लेकिन भाजपा की भजनलाल सरकार ने इसमें सुधार करते हुए, उनके बिगड़े हुए ढांचे को सुधारते हुए समान जनसंख्या के आधार पर पुनर्गठन करने का काम किया है। इस नई व्यवस्था के चलते उनको दर्द हो रहा है। उनको लग रहा है कि अब हम तो आएंगे ही नहीं। वैसे मैं यहां स्पष्ट कर दूं कि वो कहीं आने वाले ही नहीं है। कांग्रेस केवल मुंगेरी लाल के सपने देख रही है।


