हरियाणा IPS सुसाइड- बिजारणिया को नोटिस जारी होगा:शराब कारोबारी की FIR जांच के दायरे में; SIT 3 पॉइंट्स पर आगे बढ़ रही

हरियाणा IPS सुसाइड- बिजारणिया को नोटिस जारी होगा:शराब कारोबारी की FIR जांच के दायरे में; SIT 3 पॉइंट्स पर आगे बढ़ रही

हरियाणा के IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में रोहतक के तत्कालीन SP नरेंद्र बिजारणिया को जांच में शामिल होने का नोटिस जारी होगा। पूरन कुमार के 8 पेज के सुसाइड नोट में बिजारणिया का नाम बोल्ड अक्षरों में लिखा था। इस सुसाइड केस में गठित चंडीगढ़ पुलिस की SIT 3 बिंदुओं पर जांच कर रही है। इनमें सबसे महत्वपूर्ण ये सवाल है कि रोहतक के अर्बन एस्टेट थाने में शराब कारोबारी प्रवीण बंसल की शिकायत पर 6 अक्टूबर को दर्ज FIR कहीं किसी के प्रेशर में तो नहीं हुई? इस FIR में पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार की गिरफ्तारी हुई थी। ये FIR दर्ज होने के अगले ही दिन यानी 7 अक्टूबर को पूरन कुमार ने चंडीगढ़ में सुसाइड कर लिया था। चंडीगढ़ SIT से जुड़े एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि अभी तक की जांच और प्रारंभिक पूछताछ में ये खुलासा हुआ है कि पूरन कुमार की मौत का कारण 8 पेज के सुसाइड नोट में बताई गई परिस्थितियों से मेल खा रहा है। जांच का उद्देश्य यह वेरिफाई करना है कि क्या रोहतक में दर्ज FIR ने IPS के सुसाइड के लिए तत्काल कारण का काम किया? क्या इसमें कोई सुनियोजित साजिश शामिल थी? रोहतक की FIR से जुड़े 8 पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए हैं। SIT की इन 3 बिंदुओं पर जांच… 1. चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि जांच इस बात पर केंद्रित है कि क्या IPS वाई पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार के खिलाफ 6 अक्टूबर को रोहतक में दर्ज की गई FIR किसी भी तरह से प्लांड या इफैक्टेड तो नहीं थी? 2. क्या इस FIR का IPS वाई पूरन कुमार की मौत से सीधा संबंध था? हालांकि जांच में कई गवाहों के बयान पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं, और जांच के दौरान संबंधित लोगों को नोटिस भेजकर तलब किया जा रहा है। 3. SIT पूरन कुमार की पूर्व की सर्विस के दौरान की गई शिकायतों और हरियाणा सरकार के साथ की गई पत्राचार से संबंधित डॉक्यूमेंट भी मंगा रही है, ताकि पूरे मामले की एक टाइम लाइन बनाई जा सके और इससे से दी गई डिटेल की पुष्टि की जा सके। सुसाइड की पुष्टि के लिए ये कर रही SIT
चंडीगढ़ पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, IPS वाई पूरन कुमार की मौत कैसे हुई, यह पता लगाने के लिए लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। खासकर उस शिकायत के बारे में जो 6 अक्टूबर को रोहतक के अर्बन एस्टेट थाने में दर्ज हुई थी, जिसमें कुमार के कर्मचारी सुशील कुमार का नाम था। शराब का कारोबार करने वाले प्रवीण बंसल ने आरोप लगाया था कि सुशील ने उनसे हर महीने 2.5 लाख रुपए मांगे थे, ताकि उनके कारोबार में कोई दखल न दे। यह FIR पूरन कुमार के चंडीगढ़ में मरने से ठीक एक दिन पहले, यानी 6 अक्टूबर को दर्ज हुई थी। अब तक 8 पुलिसकर्मियों के लिए गए बयान
SIT रोहतक में दर्ज FIR के संबंध में 8 पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज कर चुकी है। इनमें वे अधिकारी शामिल हैं जो रोहतक FIR और दिवंगत IPS अधिकारी के चंडीगढ़ स्थित घर और ऑफिसर, दोनों के महत्वपूर्ण मोड़ों पर मौजूद थे। इस पूरे मामले की जांच चंडीगढ़ के सेक्टर 11 पुलिस स्टेशन द्वारा की जा रही है, जो IPS वाई पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी. कुमार के द्वारा दर्ज कराई गई है। बिजारणिया-प्रवीण बंसल को जारी होगा नोटिस
SIT रोहतक के शराब कारोबारी प्रवीण बंसल और रोहतक के पूर्व SP नरेंद्र बिजारणिया से भी पूछताछ करने की योजना बना रही है, ताकि FIR से पहले उनकी भूमिका और बातचीत स्पष्ट हो सके। इसको लेकर जल्द ही चंडीगढ़ SIT नोटिस भी जारी करेगी। रोहतक FIR में नामजद गनमैन सुशील कुमार से भी पूछताछ की गई है। SIT ने रोहतक पुलिस से मांगी कई जानकारियां
जांच टीम ने रोहतक पुलिस से FIR , दैनिक डायरी रिपोर्ट (DDR) एंट्री, शिकायतकर्ता की पहचान और सुशील कुमार की गिरफ्तारी की प्रक्रिया के बारे में डिटेल्ड जानकारी मांगी है। पुलिस शिकायतकर्ता और रोहतक के अधिकारियों के बीच हुए कम्युनिकेशन की भी रिव्यू कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि FIR दर्ज करने में किसी तरह का दबाव तो नहीं डाला गया था। पूरे मामले को फिर से जोड़ने के लिए उनकी गवाही की हरियाणा पुलिस मुख्यालय और रोहतक अर्बन एस्टेट थाने के रिकॉर्ड से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *