आगरा में प्रदेश के मत्स्य विभाग मंत्री ने सर्किट हाउस में मंडलीय समीक्षा बैठक की। मत्स्य पालकों के साथ संवाद किया। मत्स्य विभाग, सिंचाई विभाग, बैंकिंग आदि विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर निर्देश दिए। मत्स्य विभाग मंत्री डॉ.संजय कुमार निषाद ने संबंधित विभागों को समन्वय कर मत्स्य पालकों को केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित मत्स्य विभाग की योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को अधिकाधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद के मत्स्य पालकों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में मत्स्य पालक समाज के विकास व कल्याण के लिए कोई ध्यान नहीं दिया गया। पिछली सरकारों में 67 साल में मत्स्य विभाग को 3 हजार करोड़ रुपए दिया। लेकिन हमारी सरकार में साढ़े छः साल में साढ़े इकतालीस हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। पीएम मत्स्य संपदा योजना द्वारा पशु पालकों के विकास, रोजगार के साधन बढ़ाने तथा दुगुनी आय करने, प्रोटीन युक्त भोजन उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। मंत्री डॉ. निषाद ने कहा कि आगरा व मथुरा में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हाइटेक एक्वा पार्क, प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की कार्ययोजना बनाई जा रही है। मथुरा में बंद पड़ी यूनिट को दोबारा आरंभ किया जाएगा। आगरा में खारा जल है यहां झींगा मछली पालन को प्राथमिकता दी जा रही है। आगरा में 282 प्रोजेक्ट चिह्नित किए गए, जिनमें लगभग 200 स्वीकृत कर संचालित किए जा रहे हैं।


