महाराष्ट्र में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बीते कुछ दिनों से राज्य में शुष्क मौसम बना हुआ था, लेकिन अब मौसम विभाग (IMD) ने 14 से 17 अक्टूबर के बीच फिर से आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कोकण, विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार, कोकण, विदर्भ और मराठवाड़ा में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना ज्यादा है, जबकि मध्य महाराष्ट्र और खानदेश के कुछ इलाकों में हलकी से मध्यम बारिश हो सकती है। 14 से 17 अक्टूबर तक कोंकण, मध्य महाराष्ट्र में, जबकि 14 से 16 अक्टूबर तक मराठवाड़ा और विदर्भ में बिजली के साथ तूफान की संभावना है। वहीं, मुंबई शहर और उसके उपनगरों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कभी-कभी गरज के साथ बौछारें पड़ सकती है।
मौसम में यह बदलाव अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण हो रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बावजूद, एक बार फिर महाराष्ट्र में बादल बरसने को तैयार हैं। कृषि विभाग ने भी किसानों से सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि इस अवधि में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी खतरा है।
महाराष्ट्र के 31 जिलों के लिए अलर्ट जारी-
महाराष्ट्र से मानसून अलविदा
विदर्भ के आसपास के गढ़चिरौली जिले को छोड़कर लगभग पूरे महाराष्ट्र राज्य से दक्षिण-पश्चिमी मानसून आज (13 अक्टूबर) वापस चला गया है। अगले कुछ दिनों में राज्य से मानसून पूरी तरह से लौट जाएगा। मौसम विभाग ने बताया कि महाराष्ट्र के शेष भागों से अगले 2-3 दिनों के दौरान मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल है।


