डूंगरपुर की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने ओडा बड़ा गांव में एक युवक की हत्या के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइकें और लट्ठ भी जब्त किए हैं। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है। बिछीवाड़ा थाने के सीआई कैलाश सोनी ने बताया कि यह मामला 6 मई को ओडा बड़ा गांव में हुई एक वारदात से जुड़ा है। गांव निवासी रामा डामोर ने 8 मई 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 6 मई की शाम को उनके बेटे तेजराम और पत्नी कावी घर पर काम कर रहे थे, तभी सुरेश डामोर (निवासी भेहणा) अपने अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए। आरोपियों ने घर के आंगन में घुसकर तेजराम खराड़ी पर लोहे के पाइप, चैन और लट्ठ से जानलेवा हमला कर दिया। लात-घूंसों, पाइप और चैन से हुई इस मारपीट में तेजराम के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई, जिससे तेजराम की मां कावी के दाएं हाथ में गंभीर चोट लगी। ग्रामीणों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले। गंभीर रूप से घायल तेजराम को तत्काल डूंगरपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने के कारण उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 22 मई 2026 को तेजराम की मौत हो गई। तेजराम की मौत के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया और मामले में हत्या की धाराएं जोड़कर जांच तेज कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिलों को पहले ही जब्त कर लिया था। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश डामोर सहित अरविन्द डामोर, प्रकाश डामोर, नरेश डामोर, गणेश डामोर और अश्विन डामोर (सभी निवासी ओडा बड़ा) को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों से मामले से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ कर रही है।


