DC vs KKR: दिल्ली कैपिटल्स ने जीत के साथ किया अपने सफर का अंत, ईडन गार्डन्स में केकेआर को 40 रनों से हराया

DC vs KKR: दिल्ली कैपिटल्स ने जीत के साथ किया अपने सफर का अंत, ईडन गार्डन्स में केकेआर को 40 रनों से हराया

DC vs KKR IPL 2026: आईपीएल 2026 के अपने आखिरी लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रन से हराकर सीजन का शानदार अंत किया। केएल राहुल की विस्फोटक फिफ्टी और कुलदीप यादव-लुंगी एनगिडी की घातक गेंदबाजी के दम पर दिल्ली ने ईडन गार्डन्स में दमदार जीत दर्ज की। 

DC vs KKR Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के अंतिम लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 40 रन से हराकर अपने अभियान का शानदार अंत किया। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 203 रन बनाए और फिर केकेआर को 163 रन पर समेट दिया।

इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ का आखिरी टिकट अपने नाम कर लिया था। ऐसे में यह मैच केवल सम्मान की लड़ाई बनकर रह गया था।

केएल राहुल की विस्फोटक फिफ्टी

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को अभिषेक पोरेल और केएल राहुल ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 27 गेंदों में 40 रन जोड़े।

अभिषेक पोरेल 18 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए, जबकि इसके बाद साहिल परख ने राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी की। साहिल ने 17 गेंदों में 24 रन बनाए।

इसके बाद केएल राहुल ने कप्तान अक्षर पटेल के साथ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। राहुल ने सिर्फ 30 गेंदों में 60 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।

अक्षर पटेल ने भी 25 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि डेविड मिलर ने 19 गेंदों में 28 रन का योगदान दिया। दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 203 रन बनाए।

केकेआर की ओर से सौरभ दुबे ने 2 विकेट झटके, जबकि सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती और अनुकूल रॉय को 1-1 सफलता मिली।

रहाणे की फिफ्टी नहीं बचा सकी KKR

204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स को कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े।

फिन एलन 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रहाणे ने मनीष पांडे के साथ पारी को आगे बढ़ाया। मनीष ने 25 रन बनाए।

रहाणे ने एक छोर संभाले रखा और 39 गेंदों में 63 रन की कप्तानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। रॉवमैन पॉवेल ने 29 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।

दिल्ली के गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट लेकर केकेआर की बल्लेबाजी को दबाव में रखा और पूरी टीम 18.4 ओवर में 163 रन पर सिमट गई।

कुलदीप और नगिडी की घातक गेंदबाजी

दिल्ली की जीत में कुलदीप यादव और लुंगी एनगिडी ने अहम भूमिका निभाई। दोनों गेंदबाजों ने 3-3 विकेट झटके। वहीं मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट हासिल किए।

इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने 14 में से 7 मैच जीतकर 6वें स्थान पर अपना अभियान समाप्त किया, जबकि केकेआर 14 मैचों में 6 जीत के साथ 7वें पायदान पर रही।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *