धर्मशाला में 7 दिन-3 इंटरनेशनल इवेंट और सड़कें बदहाल:आईपीएल क्वालीफायर और तिब्बत फेस्टिवल से पहले पर्यटकों को परेशानी

धर्मशाला में 7 दिन-3 इंटरनेशनल इवेंट और सड़कें बदहाल:आईपीएल क्वालीफायर और तिब्बत फेस्टिवल से पहले पर्यटकों को परेशानी

हिमाचल प्रदेश की पर्यटन राजधानी धर्मशाला अगले एक सप्ताह तक पूरी दुनिया की सुर्खियों में रहने वाली है। शहर में अगले सात दिनों के भीतर एक के बाद एक तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय और आध्यात्मिक आयोजन होने जा रहे हैं। इन आयोजनों में हिस्सा लेने के लिए देश-विदेश से क्रिकेट प्रेमी, बौद्ध श्रद्धालु, वीआईपी और विदेशी पर्यटक भारी संख्या में धर्मशाला पहुंच रहे हैं। लेकिन, बेहद महत्वपूर्ण समय पर शहर की खस्ताहाल और टूटी सड़कें इसकी अंतरराष्ट्रीय छवि पर बट्टा लगा रही हैं। जोगीबाड़ा मार्ग बदहाल, कर्मू मोड़ पर डायवर्ट करना पड़ रहा ट्रैफिक इन बड़े आयोजनों के बीच शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। सबसे खराब स्थिति धर्मशाला से मैक्लोडगंज को जोड़ने वाले मुख्य जोगीबाड़ा सड़क मार्ग की है। यहाँ कर्मू मोड़ के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे वाहनों का गुजरना दूभर हो गया है। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ रहा है, जिसके कारण वीकेंड पर आने वाले हजारों पर्यटकों को घंटों लंबे और कष्टदायक जाम से जूझना पड़ रहा है। नेशनल हाईवे-503 भी गड्ढों में तब्दील, रेंग रहे वाहन सड़कों की बदहाली का आलम यह है कि धर्मशाला से मैक्लोडगंज को जोड़ने वाला मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-503) भी जगह-जगह से पूरी तरह टूट चुका है। यह हाईवे अब गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जिसके चलते इस मुख्य मार्ग पर गाड़ियां रेंगने को मजबूर हैं। गड्ढों के कारण वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है और दुर्घटनाओं का अंदेशा भी लगातार बना हुआ है। युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग धर्मशाला के स्थानीय निवासियों, कारोबारियों और दैनिक यात्रियों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा जिला प्रशासन के खिलाफ भारी रोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि जब सरकार को इन बड़े आयोजनों की तारीखें पहले से पता थीं, तो सड़कों की मरम्मत पहले क्यों नहीं की गई? स्थानीय जनता ने सार्वजनिक सुरक्षा और वैश्विक स्तर पर शहर की साख को बचाने के लिए प्रशासन से तुरंत युद्धस्तर पर सड़कों का पैचवर्क और मरम्मत कार्य पूरा करने की पुरजोर मांग की है। ये हैं अगले 7 दिनों के 3 बड़े ग्लोबल इवेंट्स: 26 मई (आईपीएल क्वालीफायर-1): धर्मशाला के खूबसूरत इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार आईपीएल का पहला क्वालीफायर मुकाबला खेला जाएगा, जिसके लिए वीआईपी मूवमेंट और क्रिकेट फैंस का आना शुरू हो चुका है। 28 से 30 मई (तिब्बत फेस्टिवल): तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के 90वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में नेताजी सुभाष चंद्र बोस पुलिस ग्राउंड में एक भव्य तिब्बत फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। 31 मई (सागा दावा समारोह): मैक्लोडगंज में तिब्बती समुदाय का सबसे पवित्र ‘सागा दावा’ (बुद्ध पूर्णिमा) समारोह आयोजित होगा। इन दोनों आध्यात्मिक कार्यक्रमों के लिए दुनिया भर से हजारों विदेशी श्रद्धालु धर्मशाला पहुंच रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *