यमुनानगर के तीर्थनगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश और गैंगबाजी की आशंका के बीच कुछ युवकों द्वारा तीन युवकों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन-चार मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए हमलावरों ने पहले पीड़ितों की बाइक रुकवाई, फिर लोहे की रॉड, डंडों और कटर से हमला बोल दिया। हमले में दो युवकों को गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी नहीं बख्शा गया। घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर बोलेरो गाड़ी से कुचलने की धमकी भी दी। जगाधरी सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आठ नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रास्ता रोक बाइक की चाबी निकालकर फेंकी साहिल निवासी तीर्थनगर, बड़ी माजरा ने बताया कि वह मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम करता है। अपना काम खत्म करके मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। रास्ते में उसे उसका परिचित कार्तिक मिल गया। दोनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीर्थनगर की ओर जा रहे थे। जब वे नहर का पुल पार कर कुछ दूरी आगे पहुंचे तो पीछे से तीन-चार मोटरसाइकिलों पर सवार कई युवक वहां आ गए। आरोप है कि उनमें से एक मोटरसाइकिल पियूष जैसवाल निवासी तीर्थनगर चला रहा था। आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल के आगे अपनी बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया और पियूष ने उनकी बाइक की चाबी निकालकर दूर फेंक दी। लोहे की रॉड, डंडे और कटर से किया वार साहिल के अनुसार इसके बाद सभी युवक हथियारों के साथ उन पर टूट पड़े। आरोप है कि उनके हाथों में लोहे की रॉड, डंडे थे जबकि एक युवक के हाथ में कटर था। बिना किसी कारण के सभी ने मिलकर उसे और कार्तिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उसे और कार्तिक को कई चोटें आईं। कार्तिक को आंख के नीचे, सिर, कमर, दाहिने हाथ, दोनों टांगों और छाती पर चोटें लगीं। पुलिस को बताने पर बोलेरो गाड़ी से कुचलने की धमकी इसी दौरान उनकी गली का रहने वाला समीर वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि जब वह उन्हें बचाने आया तो हमलावरों ने उसको भी नहीं छोड़ा और उसके साथ भी मारपीट कर उसे चोटें पहुंचाईं। साहिल ने बताया कि उसने हमलावरों में शिवा, वंश उर्फ अपराधी, वश जैसवाल, पियूष जैसवाल, बाबा जैसवाल, आशु गुज्जर, टिकु, दीपक और सागर शामिल थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि काफी समय पहले पियूष के किसी दोस्त को उनके एक दोस्त से पीट दिया था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसे, कार्तिक और समीर को चोटें पहुंचाईं। जाते समय पियूष जैसवाल ने धमकी दी कि यदि उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज कराया तो वह अपनी बोलेरो गाड़ी उनके ऊपर चढ़ा देगा। यमुनानगर सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी शिवा, वंश उर्फ अपराधी, वंश जैसवाल, पियूष जैसवाल, बाबा जैसवाल, आशु गुज्जर, टिकु, दीपक और सागर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।


