गोंडा के नए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दयानंद प्रसाद ने गुरुवार देर शाम कार्यभार ग्रहण कर लिया। सर्किट हाउस पहुंचने पर जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने जिले के 26वें सीडीओ के रूप में पदभार संभाला। कार्यभार ग्रहण करने के बाद सीडीओ दयानंद प्रसाद ने विकास भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और जिले के इतिहास, विकास योजनाओं तथा चल रहे कार्यों की जानकारी ली। बैठक में उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोंडा अध्यात्म, कृषि और विकास के क्षेत्र में प्रदेश में विशेष पहचान रखता है। जिले में संचालित विकास कार्यों को तेज गति से और पारदर्शिता के साथ पूरा कराया जाएगा। जनता की समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता सीडीओ दयानंद प्रसाद ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जनता की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया। दयानंद प्रसाद की आईएएस बनने के बाद गोंडा में यह उनकी पहली तैनाती है। उनकी नियुक्ति पूर्व सीडीओ अंकिता जैन के 3 मई को मातृत्व अवकाश पर जाने के बाद की गई है।
आईएएस दयानंद प्रसाद मौजूदा समय में अपर निदेशक (प्रशासन), कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश एवं अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला प्रयागराज की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। बताते चलें कि दयानंद प्रसाद 2008 बैच के पीसीएस अधिकारी रहे हैं। वो मूल रूप से बलिया के रहने वाले हैं। उनका जन्म 20 जुलाई 1979 में हुआ था। दयानंद प्रसाद इसी साल जुलाई महीने में आईएएस पद पर प्रमोट हुए हैं।


