गाजीपुर में नेशनल आपदा मित्र एसोसिएशन के आह्वान पर गुरुवार को सरजूपांडे पार्क में आपदा मित्रों और सखियों ने राज्यव्यापी प्रदर्शन किया। संगठन ने बताया कि वर्ष 2018 से उनके विभिन्न प्रशिक्षणों और कार्य दिवसों का मानदेय लंबित है। पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रदेश में हजारों आपदा मित्रों को 12 दिवसीय ट्रेनिंग, 21 दिवसीय तरणवीर प्रशिक्षण, 21 दिवसीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण, 7 दिवसीय अग्नि सचेतक और 7 दिवसीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण सहित कई कार्य दिवसों का भुगतान नहीं किया गया है। संगठन ने मांग की है कि सभी आपदा मित्रों को 26,910 रुपये प्रतिमाह वेतनमान लागू कर 365 दिन कार्य पर लगाया जाए। इसके अतिरिक्त, लंबित भुगतान तत्काल किया जाए और नई ड्रेस-किट व डिजिटल आईडी कार्ड उपलब्ध कराए जाएं। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 2018 से लेकर कोरोना काल, छठ पूजा, माघ मेला, कुम्भ मेला और सावन मेला जैसे धार्मिक आयोजनों तथा सरकारी कार्यक्रमों में आपदा मित्रों ने प्रशासन के साथ मिलकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा आपदा मित्रों को राजस्व विभाग, सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा से जोड़ने तथा मानदेय देने की घोषणा भी अभी तक लागू नहीं हुई है। प्रदेश अध्यक्ष रामबचन राजभर, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अखिलेश सिंह कुशवाहा और जिलाध्यक्ष संजय कुमार भारती ने सरकार से सभी लंबित भुगतान तत्काल करने की मांग दोहराई। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, मुख्यमंत्री और राहत आयुक्त के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 30 मार्च को विधानसभा मार्च किया जाएगा। सभा का संचालन प्रदीप सागर ने किया और अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रामबचन राजभर ने की।


