सलूम्बर शहर में जिला प्रशासन की पहल पर बस स्टैंड परिसर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे टी-20 मुकाबले का सीधा प्रसारण बड़ी एलईडी स्क्रीन पर किया गया। गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चल रहे इस मुकाबले को देखने के लिए सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी बस स्टैंड परिसर में एकत्रित हुए और मैच का भरपूर आनंद लिया। शाम होते-होते बस स्टैंड परिसर में क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में मैच देखने पहुंचे। दर्शकों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण कई लोग खड़े होकर भी मैच का रोमांच महसूस करते नजर आए। पूरे परिसर का माहौल किसी मिनी स्टेडियम जैसा दिखाई दे रहा था। चौके-छक्कों पर जमकर हुई हूटिंग मैच के दौरान जैसे ही भारतीय बल्लेबाजों ने चौके और छक्के लगाए, पूरा बस स्टैंड परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा। क्रिकेट प्रेमियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘इंडिया-इंडिया’ के नारों के साथ टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाया। कई दर्शक इस खास पल को अपने मोबाइल फोन में कैद करते हुए भी नजर आए। लोग मैच के रोमांचक क्षणों की तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करते दिखे। नगरवासियों के लिए विशेष व्यवस्था: प्रशासन इस आयोजन का नेतृत्व अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश रॉय सापेला ने किया। उन्होंने बताया कि क्रिकेट देश का सबसे लोकप्रिय खेल है और बड़े मुकाबलों के दौरान लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिलता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बस स्टैंड परिसर में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर लाइव मैच दिखाने की व्यवस्था की, ताकि अधिक से अधिक लोग एक साथ बैठकर इस रोमांचक मुकाबले का आनंद ले सकें। नगरवासियों ने की पहल की सराहना स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से शहर में उत्सव जैसा माहौल बनता है। लोगों को एक साथ बैठकर मैच देखने का अनूठा अनुभव मिलता है, जिससे आपसी जुड़ाव भी बढ़ता है। मैच के दौरान दर्शकों का जोश, तालियां और लगातार लगते जयकारे यह दर्शाते रहे कि भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ा एक बड़ा उत्सव है।


