सीतापुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत:काम से लौटते समय हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

सीतापुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत:काम से लौटते समय हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जवाहरपुर–कुतुबनगर मार्ग पर हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक सड़क पर दूर जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थाना क्षेत्र के टेड़वा गांव निवासी 30 वर्षीय मनीष कुमार राजवंशी रामकोट की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जवाहरपुर–कुतुबनगर मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मनीष बाइक से उछलकर काफी दूर जा गिरे। गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद राहगीरों और ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। बताया जाता है कि मृतक मनीष अपने परिवार में सबसे बड़े थे और चीनी मिल में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से अज्ञात वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक पीयूष सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने के उपरांत केस दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *