भास्कर न्यूज| महासमुंद नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू शहर में अवैध अतिक्रमण कर्ताओं पर सख्ती बरत रहे हैं। जहां लंबे समय से कब्जा कर बैठे लोगों के अतिक्रमण पर सोमवार को बुलडोजर चलवाया। नगर के तुमगांव रोड स्थित स्थानीय ओवर ब्रिज के नीचे अतिक्रमण की सूचना पर उन्होंने स्वयं स्थल निरीक्षण करने पहुंचे। वार्ड क्रमांक 14 के नागरिकों ने उन्हें एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जे की शिकायत की थी। उन्होंने अतिक्रमण स्थल पहुंचकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के बाद पालिका कर्मचारियों ने जेसीबी के माध्यम से अवैध कब्जे के लिए किए गए तार घेरा, कॉलम आदि को ध्वस्त किया। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने नागरिकों से अपील की कि किसी प्रकार की जमीन पर अवैध कब्जा न करें। ओवर ब्रिज के नीचे जनहित के विभिन्न कार्य प्रस्तावित है। शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों ने बताया कि यहां लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। इसके पूर्व वर्षों में भी लोगों ने शिकायत की थी। बावजूद नहीं हटाया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष ने शिकायत पर गंभीरता दिखाई और तत्काल बुलडोजर चलवाकर अतिक्रमण हटवाया। इससे अब लोगों को आवागमन में सुविधाएं मिलेगी।


