नीमच में 71 प्रतिभाओं को किया सम्मानित:शेख सैयद मुगल पठान कमेटी का कार्यक्रम; वक्ता बोले- रोजगार देने वाले बनो

नीमच में 71 प्रतिभाओं को किया सम्मानित:शेख सैयद मुगल पठान कमेटी का कार्यक्रम; वक्ता बोले- रोजगार देने वाले बनो

नीमच में शेख सैयद मुग़ल पठान कमेटी द्वारा रविवार को शहर के टाउन हॉल में एक दिवसीय प्रतिभा सम्मान समारोह और मोटिवेशनल सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना था, साथ ही शिक्षा, स्वरोज़गार और सामाजिक उत्थान के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी इसका लक्ष्य रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरएनटी कॉलेज कपासन के डायरेक्टर डॉ. वसीम खान थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज को अभी बहुत आगे जाना है। डॉ. खान ने युवाओं से नौकरी ढूंढने के बजाय दूसरों को रोजगार देने वाले बनने का आह्वान किया। उन्होंने नए स्टार्टअप शुरू करने पर जोर देते हुए कहा कि भारत संभावनाओं का देश है और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर अशरफ शेख, असलम पठान, जावेद शेख और शोएब खान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने शिक्षा को समाज की रीढ़ बताया और कहा कि एक शिक्षित समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव रखता है। सम्मान समारोह के दौरान शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली लगभग 71 प्रतिभाओं को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच से सम्मानित किए जाने पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। कमेटी के अध्यक्ष ज़ाहिद खान ने बताया कि शेख सैयद मुगल पठान कमेटी नीमच शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज को मुख्यधारा से जोड़ने और युवाओं को आगे बढ़ाने का यह प्रयास भविष्य में भी जारी रहेगा। इस अवसर पर ताहिर शेख, फजल रेहमान, एडवोकेट नौशाद खान, मज़हर कुरैशी, कांग्रेस नेता अनिल चौरसिया, हुसैन कारपेंटर, फिरोज पठान, इकबाल पठान, मौलाना नियाज निजामी, डॉ. मेहमूद खान, हनीफ पठान, शरीफ पठान, अकबर पठान सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *