छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मवेशी ले जा रहे 3 ग्रामीणों की पिकअप को अज्ञात युवकों ने रास्ते में रोककर तस्करी का शक जताते हुए मारपीट कर दी। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए गाड़ी की चाबी छीनी और बेल्ट-हाथ में पहने चूड़ा से ग्रामीणों को पीटा। गुरूर पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दरअसल, धमतरी जिले के ग्राम रांवा निवासी सतीश साहू अपने गांव के वेदप्रकाश साहू और बलराम साहू के साथ पिकअप वाहन में करहीभदर मवेशी बाजार के लिए निकले थे। इसी दौरान रात लगभग 11.15 बजे ग्राम भरदा के पास पेंवरो मोड़ पर कुछ अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली। आरोपियों ने वाहन की चाबी निकाली और तीनों ग्रामीणों को बेल्ट, डंडा, हाथ में पहने चूड़ा से पीटा। सिर और घुटने में चोटें आईं हमले में सतीश साहू के पीठ, दोनों भुजाओं, कान के पास सिर और घुटने में चोटें आईं। वहीं, वेदप्रकाश साहू के माथे, पीठ और घुटने पर और बलराम साहू के पीठ, दोनों घुटनों और भुजाओं में चोट लगी है। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरूर में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए परिजन धमतरी के निजी अस्पताल ले गए। पुलिस ने दर्ज किया केस इस मामले में गुरूर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


