महाराष्ट्र के रहने वाले एक 25 वर्षीय युवक ने खंडवा में अपने रिश्तेदार के यहां जहर खा लिया। रिश्तेदार उसे बुधवार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। परिजन ने सुसाइड की वजह मानसिक बीमारी को बताया है। मृतक कहता था कि उसके सपने में 3-4 औरतें आती है और उसे परेशान करती थी। जिसके चलते उसकी मानसिक हालत बिगड़ गई थी। जानकारी के मुताबिक, मृतक रामदास पिता रामलाल (25) को खालवा के सरकारी अस्पताल से रेफर किया गया था। वह मूल रूप से महाराष्ट्र के अमरावती जिले के धारणी ताल्लुका अंतर्गत आने वाले सोनाभाटी गांव का रहने वाला था। फिलहाल खालवा क्षेत्र के अंबापाट में अपनी बुआ और मामा के पास रहता था। बुधवार को वह खेत पर मवेशी चराने गया था। जहां उसने कीटनाशक दवा पी ली। खंडवा के मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम हुआ। भाई बोला- तांत्रिक से इलाज करवा रहे थे मृतक रामदास के भाई प्रकाश का कहना है कि, जहर पीने की सूचना मिलने के बाद वे लोग महाराष्ट्र से खंडवा आए। दो दिन से रामदास की सेहत में सुधार दिख रहा था। लेकिन आज उसकी मौत हो गई। मौत के पीछे की वजह यही है कि, वह मानसिक रूप से बीमार रहता था। वह कहता था कि उसे सपने में तीन चार औरतें आती है, जो कि उसे परेशान करती हैं। इस कारण वह पागलपन का शिकार हो गया। हम लोग बाहरी बाधा समझकर तांत्रिक के पास इलाज करवा रहे थे।


