भास्कर संवाददाता | भिंड जिले में हाइवे सहित रोड पर होने वाले एक्सीडेंट में सबसे अधिक मौत बाइक चलाने के दौरान हेलमेट नहीं लगाने होती हैं। हालात यह है कि एक माह में ही 15 बाइक सवारों की हादसों में जान चली गई,क्योंकि इन लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था। इन घटनाओं में कमी लाने के लिए एसपी डॉ असित यादव द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन अभियान के तहत थाना स्तर पर पुलिस चेकिंग चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस द्वारा बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों को रोककर उन्हें हेलमेट की आवश्यकता के संबंध में जागरूक किया। इसके साथ ही नियम विरुद्ध वाहन चलाने वाले 161 वाहनों पर कार्रवाई कर 3 लाख 18 हजार 300 रुपए का चालान वसूल किया। जिले में बाइक एक्सीडेंट में सबसे ज्यादा मौत का कारण बाइक चालकों द्वारा हेलमेट नहीं लगाना होता है। सड़क पर होने वाली इन दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन अभियान चलाया जा रहा है। बीते 26 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलाए जा रहे जागरुकता अभियान में पुलिस बाइक चलाने वालों को हेलमेट आवश्यक रूप से लगाने के लिए जागरुक कर रही है। एसपी डॉ असित यादव ने बताया कि रोड पर एक्सीडेंट की घटनाओं में सबसे अधिक मौत और गंभीर घायल होने के पीछे मुख्य कारण हेलमेट नहीं लगाना होता है। 10 माह में भिंड में हुए 571 हादसे जिले में पिछले 10 महीने में भिंड में 571, गोहद में 465 सड़क हादसे हुए। इन एक्सीडेंट में हुए घायलों में 15 से 30 साल के युवाओं की संख्या 65 प्रतिशत है। वहीं नवंबर महीने में बाइक चला रहे लोगों की मौत का आंकड़ा 15 से अधिक रहा। मौत का कारण सिर में गंभीर चोट लगना रहा।


