130 हिस्ट्रीशीटरों ने ली अपराध छोड़ने की शपथ:सीतापुर में गांव से बाहर जाने पर पुलिस को देनी होगी लोकेशन

130 हिस्ट्रीशीटरों ने ली अपराध छोड़ने की शपथ:सीतापुर में गांव से बाहर जाने पर पुलिस को देनी होगी लोकेशन

सीतापुर के लहरपुर कोतवाली परिसर में बुधवार को पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों को अपराधमुक्त जीवन की शपथ दिलाकर जागरूक किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने थाना क्षेत्र में दर्ज 130 प्रचलित हिस्ट्रीशीटरों को थाने पर बुलाकर उन्हें अपराध छोड़ने, किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल न होने तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि पुलिस की निगरानी लगातार जारी है और प्रत्येक हिस्ट्रीशीटर की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि कोई भी हिस्ट्रीशीटर किसी अपराध में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन हिस्ट्रीशीटरों की उम्र अधिक हो चुकी है और जो पिछले पंद्रह वर्षों से किसी भी अपराध में सक्रिय नहीं रहे हैं, उनकी हिस्ट्रीशीट बंद करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य उन लोगों को राहत देना है जो वास्तव में अपराध छोड़ चुके हैं और शांतिपूर्ण जीवन जी रहे हैं। पुलिस ने सभी हिस्ट्रीशीटरों को अपराधमुक्त समाज बनाने में सहयोग का आह्वान किया और उन्हें अपराधों से दूरी बनाए रखने की शपथ दिलाई। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि समाज की मुख्यधारा से जुड़कर ही बेहतर भविष्य का निर्माण संभव है। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि यदि वे किसी कार्यवश थाना क्षेत्र से बाहर जाएं, तो इसकी सूचना अनिवार्य रूप से पुलिस को दें, ताकि उनकी लोकेशन और गतिविधियों की पारदर्शिता बनी रहे। कोतवाली परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना और अपराधियों को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना रहा। पुलिस का यह प्रयास क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *