लखनऊ के विनयखंड स्थित मंदिर परिसर में देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर यात्री शक्तिपीठ गोमतीनगर द्वारा देव दीपावली उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और आस्था की ज्योति से परिसर आलोकित हो उठा। यात्री शक्तिपीठ के श्रद्धालुओं ने मिलकर 1100 दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली मनाई। यात्री शक्तिपीठ गोमती नगर के मुख्य ट्रस्टी आचार्य शिव शंकर मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। उन्होंने बताया कि देव दीपावली देवताओं की दीपावली मानी जाती है और यह आत्मशुद्धि तथा श्रद्धा का पर्व है। भजन-सत्संग का भी आयोजन किया गया आचार्य मिश्रा ने आगे कहा कि इस दिन भगवान शंकर ने त्रिपुरासुर का संहार कर धर्म की स्थापना की थी। कार्यक्रम में भजन-सत्संग का भी आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने भावपूर्ण भक्ति गीत प्रस्तुत किए। पूरे आयोजन का संचालन अजय मिश्रा ने किया। उन्होंने बताया कि इस पर्व का उद्देश्य समाज में धार्मिकता, सद्भाव और एकता का संदेश देना है। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। दीपों की ज्योति और भजनों की गूंज से पूरा परिसर दिव्य वातावरण से भर उठा और श्रद्धालुओं ने ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष किए।


