बड़वानी में मतदाता सूची पुनरीक्षण का 100% कार्य पूर्ण:कलेक्टर जयति सिंह ने टीम को बधाई दी, दुर्गम क्षेत्रों में मिली सफलता

बड़वानी जिले ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। कलेक्टर जयति सिंह ने इस सफलता के लिए जिले की सभी टीमों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। यह कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा कर लिया गया है। कलेक्टर जयति सिंह ने बताया कि यह उपलब्धि आपसी समन्वय, सतत निगरानी और कठिन परिस्थितियों में निरंतर कार्य करने का परिणाम है। बड़वानी एक आदिवासी बहुल जिला है, जहाँ कई क्षेत्र पहाड़ी, वनांचल और नेटवर्क विहीन हैं। इन क्षेत्रों तक पहुँचना और डेटा एकत्र करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। जिले में कई स्थानों पर दूरियाँ बहुत अधिक हैं और दूरस्थ क्षेत्रों में कई समस्याएं थीं। इसके बावजूद, कर्मचारियों ने लगातार प्रयास कर प्रत्येक घर तक पहुंचकर कार्य को पूरा किया। टीमों को कई जगहों पर लंबी पैदल यात्राएं करनी पड़ीं। इन सभी चुनौतियों के बावजूद, गणना पत्रक मतदाता का डेटा संकलन और डिजिटाइजेशन समय पर पूरा किया गया। जिले ने डिजिटाइजेशन कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करके प्रदेश में स्थान प्राप्त किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी जयति सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने विशेष रूप से बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के हौसले की सराहना की, जिन्होंने दुर्गम पहाड़ी रास्तों और कठिन परिस्थितियों में भी अपनी पूरी क्षमता से कार्य किया। सभी के सहयोग से यह कार्य 100% गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *