खैरथल-तिजारा जिले में मंगलवार शाम करीब साढ़े 5 बजे आए तेज धूलभरे अंधड़ और तूफानी हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। दिन के उजाले में ही शाम जैसा अंधेरा छा गया। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जबकि घरों और दुकानों पर लगे टीनशेड उड़ गए। अंधड़ के बाद कुछ क्षेत्रों में बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन बिजली व्यवस्था और यातायात पर इसका व्यापक असर पड़ा। जिले में पिछले तीन दिनों से मौसम का यही मिजाज बना हुआ है। कचहरी परिसर में गिरा पेड़, टीनशेड टूटा किशनगढ़बास कचहरी परिसर में वर्षों पुराना नीम का पेड़ तेज हवाओं के कारण टूटकर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से वहां खड़ी कई बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। पेड़ पास में बने टीनशेड पर गिरा, जिससे शेड भी टूट गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। कचहरी परिसर के टाइपिस्ट राजेश बटवाड़ा, भाजपा नेता शिवहरी गुर्जर, पार्षद हेमेन्द्र चौधरी और स्टाम्प वेंडर हरिओम गुप्ता ने बताया कि यह क्षेत्र दिनभर लोगों से भरा रहता है और पेड़ के नीचे ही टाइपिस्ट व स्टाम्प वेंडर बैठते हैं। बिजली घर में गिरा पेड़, विभाग की बोलेरो क्षतिग्रस्त किशनगढ़बास बिजलीघर परिसर में भी एक भारी-भरकम नीम का पेड़ टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से विद्युत विभाग की बोलेरो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। अंधड़ के दौरान कई जगह बिजली के पोल और तार भी टूट गए, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। किशनगढ़बास विद्युत विभाग के एक्सईएन रामरतन ने बताया कि किशनगढ़बास, खैरथल, मुंडावर और कोटकासिम क्षेत्रों में पांच से अधिक बिजली पोल गिरने की सूचना मिली है। विभागीय टीमें नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं। इससे पहले रविवार को आए तेज अंधड़, तूफान और बारिश ने मुंडावर, सोडाबास तथा आसपास के क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई थी। कई पेड़ उखड़ गए थे और बिजली के खंभे गिरने से दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। मौसम विभाग ने तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने 10 जून की शाम और रात में फिर तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं 11 से 13 जून के बीच जिले में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।


