शहर का मौसम इन दिनों दिन में गर्मी और रात में ठंडी का एहसास करा रहा हैं।आज यानी शनिवार से हवाओं की रफ्तार बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिससे वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हो सकता है। हालांकि, दिन में गर्मी का अहसास लोगों को परेशान कर सकता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल शहर के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल भी छाए रहेंगे। 27 अक्टूबर से बदलेगा मौसम 27 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बदलेगा, बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं, 28 अक्टूबर से बारिश होने के आसार बन रहे हैं। इस बीच, किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसल कटाई का काम 25 अक्टूबर तक पूरा कर लें और तैयार अनाज को सुरक्षित स्थानों में रख दें। 32.4 डिग्री रहा अधिकतम तापमान चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा की गति फिलहाल 0.5 किलोमीटर प्रति घंटा और दिशा उत्तर-पश्चिमी रही। तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में 1 से 3 डिग्री तक का उतार-चढ़ाव बना रहेगा। ऊंचे बादलों की बढ़ती आवाजाही से रात का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, जबकि दिन में गर्मी बनी रहेगी। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हवाओं की गति बढ़ने से प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन अगले सप्ताह तक प्रदूषण बढ़ने की संभावना भी बनी हुई है। प्रदूषण स्तर को करेगा प्रभावित हवा की दिशा और गति में परिवर्तन प्रदूषण के स्तर को प्रभावित करेगा। अगले कुछ दिन शहरवासियों के लिए गर्म और उमस भरे रह सकते हैं। डॉ. पांडेय ने बताया कि शहर के मौसम में यह बदलाव त्योहारी सीजन से ठीक पहले राहत और चुनौतियां दोनों लेकर आ सकता है।


