सपा पूर्व जिलाध्यक्ष के भाई पर डंडे से हमला, VIDEO:बिजनौर में 3 युवकों ने की मारपीट, बीचबचाव करने आये युवक को भी पीटा

बिजनौर में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन के भाई रागिब हुसैन उर्फ शहजादा पर बुधवार रात तीन युवकों ने डंडों से हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावर डंडों से मारपीट करते दिख रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, झालू थाना क्षेत्र के मोहल्ला पीरयादगान निवासी रागिब बुधवार रात अपने परिवार और दोस्त रिजवान उर्फ मोनू के साथ अपनी भांजी के लग्न समारोह में मोहल्ला कानूनगोयान गए थे। लौटते समय बड़ी टंकी के पास रिहान और सलमान पुत्रगण इरफान ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले रिजवान पर लाठी-डंडों से हमला किया। जब रागिब ने बीच-बचाव का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उन्हें भी डंडों से पीटा। इस दौरान उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। किसी तरह रागिब के चालक ने गाड़ी को वहां से भगाया। रागिब हुसैन ने इस मामले में रिहान, सलमान और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ झालू चौकी में तहरीर दी है। तहरीर मिलने के बाद रिहान के पक्ष के अधिवक्ता भी चौकी पहुंच गए, जिसके बाद वहां काफी हंगामा हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच करीब एक माह पहले भी विवाद हुआ था, जिसके निपटारे के लिए बातचीत चल रही थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *