उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर में एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान राजेश की पत्नी संध्या (30) के रूप में हुई है। पति राजेश ने पुलिस को बताया कि उसकी सौतेली मां विमला, भाई आकाश, बहन रूबी और दो अन्य महिलाएं रेखा गौतम व माया उसकी पत्नी को प्रताड़ित करते थे। संपत्ति विवाद को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। रविवार रात भी इन लोगों ने संध्या से झगड़ा किया। इसके बाद संध्या ने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने राजेश की शिकायत पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जो कथित तौर पर संध्या ने लिखा है। पुलिस इसे मामले में महत्वपूर्ण सबूत मान रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। सभी आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। घटना के बाद से मोहल्ले में शोक का माहौल है।
No tags for this post.