नौ प्रशिक्षु IAS मथुरा पहुंचे:प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया, टॉपर शक्ति दुबे भी शामिल

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2024 बैच के नौ प्रशिक्षु अधिकारी इन दिनों मथुरा के चार दिवसीय अध्ययन दौरे पर हैं। उत्तर प्रदेश कैडर के इन अधिकारियों के दल में यूपीएससी टॉपर शक्ति दुबे भी शामिल हैं। यह दौरा उनके प्रशिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली, मैदानी स्तर की चुनौतियों और व्यावहारिक प्रशासनिक अनुभव को समझना है। प्रशिक्षण और मथुरा जनपद के भूलेख से संबंधित जानकारी के लिए डिप्टी कलेक्टर आदेश कुमार को लायजनिंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। शनिवार को मथुरा पहुंचने के बाद प्रशिक्षु अधिकारियों ने सबसे पहले वृंदावन स्थित ठाकुर श्री बांकेबिहारी के दर्शन किए। इसके बाद दल ने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। अधिकारियों ने संत प्रेमानंद से प्रशासनिक सेवा की शुरुआत को लेकर मार्गदर्शन मांगा। संत प्रेमानंद महाराज ने प्रशिक्षुओं को संदेश देते हुए कहा कि भय और प्रलोभन व्यक्ति को उसके कर्तव्य और धर्म से विचलित कर देते हैं। उन्होंने सलाह दी कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए कभी भी अनैतिक मार्ग न अपनाएं, किसी निर्दोष को न सताएं और न्याय के सिद्धांतों से समझौता न करें। संत ने यह भी कहा कि अपने विवेक और कर्तव्यबोध का सही प्रयोग करते हुए दोषी को दंड और निर्दोष को संरक्षण देना ही सच्ची सेवा है। इसके बाद प्रशिक्षु अधिकारियों ने जिले के विभिन्न प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया और ब्रज क्षेत्र की भौगोलिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों से परिचय प्राप्त किया। दौरे के दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समय बिताया और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, कानून व्यवस्था, जनसुनवाई और विकास कार्यों की बारीकियों को समझा। यह चार दिवसीय अध्ययन दौरा मंगलवार को संपन्न होगा, जिसके बाद सभी प्रशिक्षु अधिकारी मथुरा से रवाना होंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य नए अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग से पूर्व व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना और उन्हें प्रशासनिक जिम्मेदारियों के लिए तैयार करना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *