झज्जर जिले के खेड़ी होशियारपुर गांव के सरपंच पर पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) की सड़क पर अवैध कब्जा करने का ग्रामीणों द्वारा आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए उपायुक्त झज्जर को लिखित शिकायत सौंपी गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, खेड़ी होशियारपुर से गुजरने वाली मुख्य सड़क 66 फुट चौड़ी निर्धारित है, लेकिन सरपंच द्वारा किए गए कथित अवैध निर्माण के कारण यह सड़क मात्र करीब 30 फुट तक ही सिमटकर रह गई है। खेड़ी होशियारपुर निवासी मोहित पुत्र अभय सिंह ने गांव के सरपंच के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत में मोहित ने बताया है कि गांव में एंट्री सड़क संकरी होने से लोगों के आवागमन में काफी दिक्कतें पैदा हो रही हैं। बड़े वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच चुनावी प्रक्रिया के दौरान भी अवैध कब्जे को बनाए हुए हैं, जो कानून के विरुद्ध है। कब्जा हटाने की कहने पर किया अभद्र व्यवहार शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि जब उन्होंने सड़क से अवैध कब्जा हटाने की बात कही, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार और धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया गया। मोहित के अनुसार, गांव के अनेक लोग इस कब्जे से परेशान हैं लेकिन सरपंच व प्रतिनिधि के डर से कोई खुलकर विरोध नहीं कर रहा। चुनाव नियमों की जांच की भी मांग उपायुक्त को भेजे गए पत्र में मोहित ने मांग की है कि मामले की जल्द जांच करवाई जाए और सड़क पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके। साथ ही, चुनाव नियमों की अवहेलना के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क को बिना कब्जे के मूल रूप से चौड़ा कर दिया जाए तो ट्रैफिक सुचारू रूप से चल सकेगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।


